दिल्ली मेल संवाददाता
नई दिल्ली। यमुना विहार के सी वन कांवड़ मन्दिर से शुरू होकर यमुना विहार के विभिन्न कालोनियों से होते हुए स्थानीय निगम पार्षद प्रमोद गुप्ता के कार्यालय तक कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस कलश यात्रा का उद्देश्य रामलीला मैदान में होने वाले धर्मसभा का समर्थन करना था। कलश यात्रा में यमुना विहार एवं आस-पास की 11 सौ महिलाओं ने भाग लिया।
निगम पार्षद प्रमोद गुप्ता की अगुवाई में आयोजित इस कलश यात्रा के दौरान जय श्री राम के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। इस दौरान प्रमोद गुप्ता ने बताया कि यह यात्रा धर्मसभा एवं राम मंदिर के निर्माण में महिलाओं का समर्थन दर्शाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कलश यात्रा में वे महिलाएं शामिल है जो रामलीला मैदान में राम मन्दिर निर्माण हेतु आयोजित धर्मसभा में नहीं जा सकती किन्तु उनका समर्थन राम मंदिर निर्माण को है।


